पानीपत पुलिस ने 35 अवैध पिस्टल के साथ 4 पकड़े 45 मैगजीन भी बरामद
पानीपत पुलिस ने मंगलवार को चार राज्यों में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी से कुल 35 पिस्टल और 45 मैगजीन बरामद की हैं। हालांकि गिरोह का सरगना पुलिस के हाथ नहीं आया है।
पकड़े गए आरोपियों में 3 मध्य प्रदेश और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध हाथियार बनाते थे। अभी तक वह उत्तर-प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में 500 से अधिक अवैध हथियार सप्लाई कर चुके हैं।
करीब 50 हजार रुपए में बिकने वाले एक हथियार पर आरोपियों को 6 हजार रुपए की बचत होती थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।पानीपत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। SP शशांक कुमार सावन ने बताया कि 18 अगस्त को चेकिंग के दौरान पानीपत की सनौली रोड निवासी महबूब अली को 5 अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था।
महबूब अली मूलरूप से उत्तर-प्रदेश का रहने वाला है।पूछताछ में महबूब अली से मिली जानकारी के आधार पर मध्य-प्रदेश के धार जिले के धनवानी थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। जहां से हीरालाल, संतोष और राम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
सभी आपस में रिश्तेदार हैं और काफी समय से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। आरोपियों का सरगना बच्चन सिंह उर्फ बच्ची यादव अभी फरार है। उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।